चंडीगढ़। अमेरिका से हरियाणा के 33 लोगों को डिपोर्ट किए जाने के बाद हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने अब डंकी रूट से विदेश भेजने वाले एजेंटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है। सैनी ने बताया कि युवाओं को गलत तरीके से विदेश भेजने वाले एजेंटों की सूची बनाई जा रही है।
सीएम के अनुसार ऐसे एजेंटों पर लगाम कसने के लिए सरकार विधानसभा में एक एक्ट भी लाएगी। इसी दौरान दिल्ली के चुनावी नतीजों पर बोलते हुए सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि दिल्ली की जनता ने जो विश्वास भारताय जनता पार्टी पर दिखाया है उसको सरकार पूरा करने का काम करेगी। दिल्ली की जनता से जो वादे केजरीवाल ने किए थे, वे किसी भी वादे पर खरे नहीं उतरे।
सीएम नायब सिंह सैनी ने हरियाणा में नगर निकाय चुनाव को लेकर कहा कि भाजपा चुनाव को लेकर हमेशा गंभीर रहती है। प्रत्येक कार्यकर्ता चुनाव को गंभीरता से लड़ता है। हरियाणा में स्थानीय निकाय चुनावों में भी पार्टी के कार्यकर्ता पूरी मेहनत के साथ लगे है और इन चुनावों में भी भाजपा अपना परचम लहराएगी। बता दें कि हरियाणा में 2 मार्च को नगर निकाय चुनाव का मतदान होगा और 12 मार्च को नतीजे सामने आएंगे।