नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार हुए एक साल हो गए है। दिल्ली के सीएम अरविन्द केजरीवाल ने आज विधानसभा में उन्हें याद करते हुए कहा कि आज ही के दिन एक साल पहले उन्हें एक झूठे केस में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन हम दुख नहीं मनाएंगे, हमें उन पर गर्व है। सभी खड़े होकर उन्हें सेल्यूट करें।
इस दौरान उन्होंने अपनी सरकार के काम भी गिनाए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का दिल्ली मॉडल आज देश को नई दिशा दे रहा है। जो 75 सालों से नही हो पाया, आज वो दिल्ली में हो रहा है। दिल्ली के विकास मॉडल का आज गांव-गांव, शहर-शहर चर्चा हो रही है।
शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली के क्षेत्र में आप सरकार ने उल्लेखनीय कार्य किया है।
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि चार से पांच लाख बच्चों ने निजी स्कूल छोड़कर सरकारी स्कूलों में दाखिला लिया है, यह काम हम पूरे देश में कर सकते हैं। देश के दूसरे राज्यों में सरकारी स्कूल बंद करके निजी स्कूलों में जाने के लिए फोर्स किया जा रहा है। पांच लाख करोड़ में देश के सभी सरकारी स्कूल अच्छे बनाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लास से लेकर स्विमिंग पूल तक की सारी सुविधाएं हैं। केजरीवाल ने आगे कहा कि हर पार्टी भाषण देती है कि गरीबी हटाओ-गरीबी हटाओ, लेकिन गरीबी दूर करने की इच्छा किसी पार्टी की नही।