मोगा। पंजाब के मोगा जिले में तीन अज्ञात हमलावरों ने शिवसेना शिंदे ग्रुप के जिला अध्यक्ष मंगत राय मंगा की गोली मारकर हत्या कर दी। इस हमले में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अपराधियों की तलाश में जुट गई है।
मंगत राय से शिव सेना के साथ जुड़े हुए थे। वे पार्टी के जिला प्रधान थे। गुरुवार रात 10 बजे के करीब मोगा के गिल पैलेस के पास तीन बदमाशों ने उनके ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। मंगत एक्टिवा से जा रहे थे। फायरिंग को देखकर मंगत वहीं पर एक्टिवा छोड़कर भागने लगे।
सड़क पर घेरकर बदमाशों ने मारी गोली
बदमाशों ने मंगत राय का पीछा किया और थोड़ी दूर जाकर स्टेडियम रोड पर उनको घेर लिया। फिर उन्हें गोली मार दी और फरार हो गए। इसी बीच, राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मंगत को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी मौत हो गई।
एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस बदमाशों की पहचान में जुटी है। ये पता लगाया जा रहा था कि क्या किसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया है. क्या पहले से मंगत की किसी से कोई दुश्मनी थी। पुलिस कॉल डिटेल भी खंगाल रही है। हर हाल में अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा। घटनास्थल और उसके आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।