गाजियाबाद। 16 मार्च 2026 को बलराम नगर इलाके की पंजाब एंड सिंध बैंक ब्रांच में बैंक मैनेजर अभिषेक शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों रविंद्र हुड्डा और शिशुपाल को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी रविंद्र हुड्डा ढाई महीने से बैंक में सिक्योरिटी गार्ड था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि सैलरी कम मिलने और छुट्टी न मिलने की नाराजगी के चलते उसने गुस्से में बैंक मैनेजर को गोली मारी। घटना के समय शिशुपाल भी उसके साथ मौजूद था। गार्ड ने बताया कि मैं सेना से रिटायर हूँ। बैंक में सेक्युरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था। घटना वाले दिन मैं छुट्टी पर था इसके बाद भी मैनेजर ने फोन करके मुझे डांटा और बैंक आने को कहा। मैनेजर उम्र में मुझसे 14 साल छोटा था। हमेशा तू तड़ाक करके बात करता था। महिला कर्मचारियों के सामने भी मुझसे बदतमीजी से बात करता था।
आरोपी की पृष्ठभूमि
रविंद्र हुड्डा उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के चंडी नगर थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव का रहने वाला है। वह 2018 में भारतीय सेवा से रिटायर हुआ था और तीन महीने पहले ही सिक्योरिटी एजेंसी के माध्यम से बैंक में तैनात हुआ था। पुलिस ने बताया कि रविंद्र अक्सर ड्यूटी से गायब रहता था और शाखा प्रबंधक ने इसकी शिकायत एजेंसी को की थी।
डीसीपी देहात एस एन तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक डबल बैरल बंदूक, 12 बोर के जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ है। आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।