उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में बांगरमऊ पुलिस और स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) की संयुक्त कार्रवाई में एक लाख रुपये के इनामी बदमाश इसराइल को मुठभेड़ में मार गिराया गया। पुलिस के अनुसार, इसराइल हाल ही में हुए बाबा मिलनदास हत्याकांड का मुख्य आरोपी था और लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने बताया कि मंगलवार तड़के करीब 3:40 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी इसराइल ताजपुर अंडरपास के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस और एसओजी की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे घेर लिया।
पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, आत्मसमर्पण के लिए कहने पर इसराइल ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली उपनिरीक्षक न्यूटन कुमार सिंह के बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी, जबकि एसओजी के आरक्षी विकास भदौरिया के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें इसराइल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बांगरमऊ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हथियार बरामद, पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक 315 बोर का तमंचा, एक चाकू और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इसराइल के खिलाफ थाना बांगरमऊ में मुकदमा संख्या 168/2026 के तहत धारा 103(1), 3(5) बीएनएस और धारा 7 सीएलए एक्ट में मामला दर्ज था। आरोप है कि उसने 9 जून को बाबा मिलनदास की चाकू मारकर हत्या की थी। उन्नाव के पुलिस अधीक्षक ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया है।