अयोध्या। उत्तर प्रदेश एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। अयोध्या में हुई मुठभेड़ में 1.65 लाख रुपये के इनामी बदमाश और कथित कॉन्ट्रैक्ट किलर भानु प्रताप सिंह को मार गिराया गया। भानु प्रताप पर हत्या, रंगदारी, डकैती समेत 40 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज थे और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, एसटीएफ की प्रयागराज यूनिट को सूचना मिली थी कि भानु प्रताप अयोध्या इलाके में मौजूद है। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।
घायल हालत में उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि भानु प्रताप सिंह कई चर्चित आपराधिक घटनाओं में वांछित था और पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी।
कई जिलों में दर्ज थे मुकदमे
भानु प्रताप सिंह मूल रूप से गोरखपुर का रहने वाला था। उसके खिलाफ आजमगढ़, गोरखपुर और अंबेडकरनगर समेत कई जिलों में हत्या, लूट, रंगदारी और सुपारी लेकर हत्या करने जैसे संगीन केस दर्ज थे। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में उस पर कुल 1 लाख 65 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
लंबे समय से फरार था आरोपी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, भानु प्रताप काफी समय से फरार चल रहा था और अदालत में भी पेश नहीं हो रहा था। इसी वजह से उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी। एसटीएफ के एडीजी अमिताभ यश ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान आरोपी गंभीर रूप से घायल हुआ था। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य नेटवर्क और सहयोगियों की भी जांच कर रही है।