लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वीडन के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पीएम मोदी जहां भी जाते हैं, वहां शांति और बेहतर संबंधों का संदेश लेकर जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की कोशिश रहती है कि देशों के बीच व्यापार और आयात-निर्यात की व्यवस्था मजबूत हो।
भोजशाला मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के फैसले को लेकर राजभर ने कहा कि अदालत के आदेश का पूरी तरह पालन किया गया है। वहीं NEET परीक्षा रद्द होने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी की बातों को अब कोई गंभीरता से नहीं लेता। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशों में जाकर भारत और चुनाव आयोग को कटघरे में खड़ा करते हैं।
अजान और लाउडस्पीकर विवाद पर मंत्री Jaiveer Singh के बयान का समर्थन करते हुए राजभर ने कहा कि सरकार ने धीमी आवाज में लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति दी है। उन्होंने कहा कि सुबह चार बजे नमाज का समय होता है और उस दौरान अधिकतर लोग सो रहे होते हैं, इसलिए कम आवाज में लाउडस्पीकर चलाने पर किसी तरह की रोक नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि अजान पर कहीं कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है।
यूपी सरकार में मंत्रियों के विभाग बंटवारे को लेकर भी ओमप्रकाश राजभर ने विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुसार मंत्रियों की संख्या पूरी कर दी गई है और सभी को विभाग भी आवंटित कर दिए गए हैं। विपक्ष पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि विभागों के बंटवारे को लेकर विपक्ष की चिंता खत्म हो गई है, अब वे आराम से सो सकते हैं।
राजभर ने समाजवादी पार्टी और Akhilesh Yadav पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि अपनी सरकार के दौरान अखिलेश यादव ने जिन मंत्रियों को विभाग दिए थे, वे भी कामकाज के मामले में निष्क्रिय साबित हुए थे।