लखनऊ। समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के निधन के बाद यादव परिवार में शोक का माहौल है। बुधवार को उनका पोस्टमार्टम भी पूरा हो गया, जिसके बाद प्रतीक यादव का पार्थिव शरीर घर लाया गया है। अब उनके अंतिम संस्कार को लेकर चर्चा तेज हो गई है। लखनऊ में कई प्रमुख श्मशान घाट मौजूद हैं, लेकिन माना जा रहा है कि परिवार की परंपरा के अनुसार पिपराघाट श्मशान स्थल पर उनका अंतिम संस्कार किया जा सकता है। इससे पहले भी यादव परिवार के कई सदस्यों का अंतिम संस्कार वहीं किया गया था।
बुधवार सुबह हुई थी मौत
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह तबीयत बिगड़ने पर प्रतीक यादव को लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वह करीब 38 वर्ष के थे। घटना के समय अपर्णा यादव प्रदेश से बाहर थीं, लेकिन सूचना मिलते ही वह लखनऊ पहुंच गईं। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी भाई के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि परिवार जो निर्णय करेगा, उसी के अनुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
मौत की वजह पर बना हुआ है सस्पेंस
फिलहाल प्रतीक यादव की मौत के कारणों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है। सूत्रों के हवाले से कई तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया के जरिए शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना भी जताई।
इसके अलावा केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और शिवपाल सिंह यादव समेत कई नेताओं ने प्रतीक यादव के निधन को दुखद बताते हुए श्रद्धांजलि दी। उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।