रांची। झारखण्ड के दुमका में आदिवासी समुदाय की नाबालिग लड़की का शव पेड़ से लटकती हालत में मिलने के बाद लोगों में आक्रोश है। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने किसी अंतरराष्ट्रीय साजिश की तरफ इशारा किया है। दुबे ने इस मामले में NIA (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) से जांच करवाए जाने की मांग भी की है।
निशिकांत दुबे ने दुमका में लड़की की हत्या के बाद कई ट्वीट किये। एक ट्वीट में उन्होंने कहा, पहले शाहरुख़ .. फिर अमानत अली और अब अरमान अंसारी .. ये सब भारत के नही होंगे .. ज़रूर उस पार से आए होंगे इसकी तफ़्तीश @NIA_India की होनी चाहिए।’
बता दें कि दुमका में शुक्रवार को 14 साल की नाबालिग लड़की की लाश पेड़ से लटकती हुई मिली थी। जिसके बाद हड़कंप मच गया था। लड़की के साथ दुष्कर्म और फिर उसकी हत्या का आरोप अरमान अंसारी नाम के एक युवक पर लगा है।
आरोप है कि अरमान ने कई महीनों तक लड़की का रेप किया और जब वो गर्भवती हो गई तब उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को रस्सी के सहारे पेड़ से लटका दिया ताकि यह भ्रम हो कि लड़की ने आत्महत्या की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
अंकिता को जिंदा जलाया
इससे पहले 23 अगस्त को दुमका में ही अंकिता नाम की नाबालिग लड़की को जिंदा जलाने का मामला सामने आया था। अंकिता को जिंदा जलाने का आरोप शाहरुख और नईम खान नाम के दो युवकों पर है।
दिल्ली में लड़की को मारी गोली
दिल्ली में भी दुमका जैसी वारदात हुई थी। यहां एकतरफा प्यार में अमानत अली ने संगम विहार इलाके में 16 साल की नाबालिग को गोली मार दी थी। अमानत अली लड़की से बातचीत करना चाहता था लेकिन लड़की इसके लिए राजी नहीं थी। इसके बाद अमानत अली ने लड़की को गोली मार दी थी।
भाजपा सांसद इन्हीं तीनों घटनाओं का जिक्र कर रहे थे। एक अन्य ट्वीट में निशिकांत दुबे ने बड़ी साजिश की तरफ इशारा करते हुए कहा था, दुमका में नाबालिग लड़की के परिजनों से मिल रही खबर से प्रतीत होता है कि लड़की 3 माह की गर्भवती थी। इसकी जाँच होनी चाहिए। झारखंड में ‘ग्रूमिंग गैंग’ सक्रिय हैं, जिनमें बांग्लदेशी मुसलमान लड़के, कम उम्र की दलित और जनजातीय लड़कियों का शोषण कर रहे है। सोरेन सरकार चिर निद्रा में।’