नई दिल्ली। मुंबई में कोरोना के ‘डेल्टा प्लस’ वैरिएंट से पहली मौत का मामला सामने आया है। घाटकोपर की रहने वाली 63 वर्षीय महिला 21 जुलाई को कोविड पॉजिटिव हुई थी। 27 जुलाई को इलाज के दौरान उन्होंने अपनी जान गंवा दी। जानकारी के मुताबिक महिला को कोरोना वैक्सीन की दोनों डोज़ लग चुकी थी उसके बाद भी वो संक्रमित पाई गईं।
गुरूवार को उनकी रिपोर्ट में सामने आया कि उनकी मौत डेल्टा प्लस वैरिएंट से हुई है। बता दें कि डेल्टा प्लस वैरिएंट से मौत का ये दूसरा मामला है। इससे पहले 13 जून को महाराष्ट्र के रत्नागिरी की 80 वर्षीय महिला की वायरस के इसी वैरिएंट की वजह से जान चली गई थी।
अब तक मुंबई मे कुल 7 लोगों को इस वैरिएंट से संक्रमित पाया गया है। इसकी जानकारी राज्य सरकार ने BMC को दी जिसके बाद इन 7 लोगों के संपर्क मे आए लोगों की भी तलाश कर उनसे बात करनी शुरू की गई।
बता दें कि मुंबई की महिला भी इन्ही 7 लोगों मे से एक थीं। मुंबई के स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख डॉक्टर मंगला गुमारे ने बताया कि महिला के संपर्क में आए 6 अन्य लोगों की जांच में 2 लोग संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा अन्य लोगों की अभी रिपोर्ट सामने आना बाकी है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र मे अब तक ‘डेल्टा प्लस’ के कुल 65 मरीज़ मिल चुके हैं। बुधवार को ही प्रदेश भर से कुल 20 नए मरीज सामने आए। राज्य में सबसे अधिक मामले जलगांव जिले से सामने आए हैं। वहां का कुल आकड़ा 13 है। आंकड़ों के मुताबिक 7 मरीज़ मुंबई, 3 पुणे, 2 नांदेड़, 2 गोंदिया, 2 रायगढ़ और 2 पालघर से सामने आए हैं।