नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया को मिली 10 विकेट से शिकस्त के बाद सोशल मीडिया पर फैंस का गुस्सा फूट पड़ा। टी-20 मुकाबले में पाकिस्तान से मिली हार के बाद भारत के तेज मोहम्मद शमी को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा है।
जिसके बाद कई पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद शमी के बचाव में आ गए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ मोहम्मद शमी ने 3.5 ओवर में 43 रन दिए और एक भी विकेट नहीं लिया। मोहम्मद शमी को कुल 6 चौके, एक छक्का पड़ा।
इस बुरे प्रदर्शन के बाद लोगों ने सोशल मीडिया पर मोहम्मद शमी को ट्रोल किया और उल्टे-सीधे आरोप लगाए। ट्विटर पर मोहम्मद शमी के खिलाफ कई बातें लिखी जा रही हैं। वीरेंद्र सहवाग ने लोगों को लताड़ा इसके बाद ही पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने ऐसे लोगों को खरी-खोटी सुनाई।
वीरेंद्र सहवाग ने ट्वीट किया कि मोहम्मद शमी पर जिस तरह का ऑनलाइन अटैक हुआ है, वह काफी चौंकाने वाला है। हम मोहम्मद शमी के साथ खड़े हैं, वो एक चैम्पियन हैं और जो भी भारतीय की कैप पहनता है उसके दिल में भारत बसता है। शमी हम तुम्हारे साथ हैं, अगले मैच में दिखा दो जलवा।