बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान से जुड़े ड्रग्स बस्ट मामले की जांच कर रहे नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के जोनल डायरेक्टर समीर वानखेड़े ने सोमवार को कहा कि ‘मुझे निशाना बनाया जा रहा है और मैं खुद जांच के लिए तैयार हूं।’
जानकारी के मुताबिक समीर वानखेड़े ने नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत विशेष अदालत में न्यायाधीश से कहा, ‘मेरी बहन और मृत मां सहित मेरे परिवार को निशाना बनाया जा रहा है।’ बता दें कि मामले में दो हलफनामे दायर किए गए हैं- एक एनसीबी द्वारा और दूसरा वानखेड़े द्वारा।
वानखेड़े ने पूछे परिवार पर लगे आरोपों पर सवाल
साथ ही केंद्रीय एजेंसी और समीर वानखेड़े ने मुंबई सत्र अदालत का दरवाजा खटखटाया है ताकि बाधा पैदा करने के प्रयासों को रोकने और चल रही जांच को रोकने के निर्देश दिए जा सकें। एनसीबी ने कहा है कि सबूत या जांच के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए।
वानखेड़े के वकील ने अदालत को बताया कि अधिकारी और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ निजी आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने पूछा, ‘मेरे परिवार के सदस्यों के खिलाफ आरोप क्यों हैं? क्या यह मेरी पर्यवेक्षी स्थिति के कारण है? क्या यह केवल मुझे भटकाने और मुझे अदालत में विफल करने के लिए है।’
‘मैं जांच और पूछताछ के लिए तैयार हूं’-वानखेड़े
उन्होंने आगे कहा, ‘मैं किसी भी तरह की जांच या पूछताछ के लिए तैयार हूं। मेरे पास 15 साल का रिकॉर्ड है। लेकिन इस तरह के आरोप केवल मेरे निजी जीवन और काम को लक्षित करने के लिए नहीं किए गए हैं।’