नई दिल्ली। पैगंबर मोहम्मद पर टीवी डिबेट के दौरान कथित विवादित टिप्पणी के चलते भाजपा की पूर्व नेत्री नूपुर शर्मा को जान से मारने की धमकी मिली थी। अब इसी के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने उन्हें सुरक्षा प्रदान की है।
दरअसल, नूपुर शर्मा और उनके परिवार की ओर से पुलिस में शिकायत की गई थी कि उन्हें जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। इसके बाद पुलिस ने उन्हें सुरक्षा कवर दिया है।
बता दें कि नूपुर शर्मा ने एक टीवी डिबेट के दौरान पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी कर दी थी, जिसके बाद से बवाल मच गया था। एक तरफ भारत के कानपुर जैसे शहर में मुस्लिम समुदाय के लोग सड़कों पर उतर आए और हिंसा भड़क गई थी तो वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत को आलोचना झेलनी पड़ी है।
सऊदी अरब, कतर, ओमान, जॉर्डन, संयुक्त अरब अमीरात और ईरान समेत कुल 15 देश अब तक इस मसले पर भारत से आपत्ति जाहिर कर चुके हैं। कई देशों ने तो भारत के राजदूत को तलब कर विरोध जताया है। अरब देशों में विरोध बढ़ने के बाद ही भाजपा ने नूपुर शर्मा को रविवार को निलंबित कर दिया था।
कौन हैं नूपुर शर्मा
नूपुर शर्मा ने नई दिल्ली विधानसभा सीट से अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चुनाव लड़ा था। दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ की अध्यक्ष रहीं नूपुर शर्मा को केजरीवाल के खिलाफ उतरने के बाद से रही चर्चा मिली थी, भाजपा में उनका कद लगातार बढ़ता गया और वह राष्ट्रीय प्रवक्ता बन गईं। हालांकि पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी के बाद छिड़े विवाद के चलते उनका राजनीतिक करियर ही दांव पर लग गया है।