नई दिल्ली। नेशनल हेराल्ड केस में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से ईडी दफ्तर में आज चली पूछताछ के बाद इंटेरोगेशन का पहला दिन पूरा हो गया है। स्वास्थ्य कारणों के चलते उनसे आज दोबारा पूछताछ नहीं की जाएगी।
बताया जा रहा है कि 25 जुलाई को उनसे दोबारा पूछताछ हो सकती है। फिलहाल ईडी ने कोई नया समन जारी नहीं किया है। उधर, पूछताछ के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने सड़क पर उग्र प्रदर्शन किया। मल्लिकार्जुन खड़गे, शशि थरूर सहित कांग्रेस के 75 सांसदों को पुलिस ने हिरासत में लिया।
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पूछताछ के लिए सुबह ईडी के दफ्तर पहुंची। उनके साथ उनकी बेटी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी पहुंची थी। सोनिया गांधी अपने साथ दवाएं लेकर गई थीं।
मोनिका शर्मा के पास पूछताछ की कमान
सूत्रों का कहना है कि सोनिया गांधी से पूछताछ की कमान महिला अफसर मोनिका शर्मा को सौंपी गई है। वह ईडी में अडिशनल डायरेक्टर के पद पर हैं। 75 वर्षीय सोनिया गांधी के स्वास्थ्य को देखते हुए एंबुलेंस की व्यवस्था के साथ साथ प्रियंका गांधी को भी दफ्तर में रहने की इजाजत दी गई थी।
सोनिया गांधी की रिक्वेस्ट पर मानी ईडी
ईडी सूत्रों का कहना है कि करीब दो घंटे की पूछताछ के बाद ईडी के अधिकारियों ने सोनिया गांधी से कहा कि क्या वे थोड़ा ब्रेक लेना चाहती हैं। जवाब में सोनिया गांधी ने कहा कि हां वो लंच करना चाहती हैं।
फिर सोनिया गांधी की तरफ से कहा गया कि क्या आज की पूछताछ जल्दी पूरी की जा सकती है। इस पर ईडी के अधिकारी मान गए। ईडी के अधिकारियों ने सोनिया गांधी से कहा कि उन्हें 25 जुलाई को फिर से बुलाया जा सकता है। इसके बाद सोनिया प्रियंका के साथ ईडी दफ्तर से अपने घर के लिए रवाना हो गई।