नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख अभिजीत दिपके के लिए शनिवार का दिन दोहरी मुश्किल लेकर आया। दिल्ली में प्रदर्शन से पहले उन्हें एयरपोर्ट पर पुलिस ने हिरासत में ले लिया, वहीं महाराष्ट्र में उनकी दादी सावित्रीबाई शंकर दिपके का निधन हो गया। पार्टी ने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए उनके निधन की जानकारी साझा की है।जानकारी के मुताबिक, सावित्रीबाई दिपके महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के संतुक पिंपरी गांव में रहती थीं। वह 85 वर्ष की थीं और लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं। शनिवार, 10 अक्टूबर 2026 की सुबह उनका निधन हो गया। अभिजीत दिपके के माता-पिता भगवानराव दिपके और अनीता दिपके छत्रपति संभाजीनगर में रहते हैं।
दिल्ली पहुंचते ही पुलिस ने हिरासत में लिया
अभिजीत दिपके मुंबई से सौरभ दास और आशुतोष रांका के साथ फ्लाइट से दिल्ली पहुंचे थे। बताया गया है कि विमान के लैंड करते ही पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया। यह कार्रवाई CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर की गई। बताया जा रहा है कि विमान में पुलिस की कार्रवाई के दौरान अभिजीत दिपके ने ‘इंकलाब जिंदाबाद’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। इससे पहले उनके माता-पिता ने भी उन्हें प्रदर्शन से रोके जाने पर आपत्ति जताई थी।
दिपके ने संदेश जारी कर अंजिक्य शिंदे को सौंपी जिम्मेदारी
हिरासत में लिए जाने से पहले अभिजीत दिपके ने एक संदेश जारी किया था। इसमें उन्होंने बताया कि वह, सौरभ दास और आशुतोष रांका पुलिस की हिरासत में हैं। साथ ही उन्होंने समर्थकों से अंजिक्य शिंदे को फॉलो करने और प्रदर्शन की अगुवाई में उनका साथ देने की अपील की थी। इस संदेश के जरिए दिपके ने संकेत दिया कि उनकी अनुपस्थिति में अंजिक्य शिंदे प्रदर्शन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
हिंगोली के पैतृक गांव में रहती थीं दादी
अभिजीत दिपके की दादी सावित्रीबाई शंकर दिपके हिंगोली जिले के संतुक पिंपरी गांव में रहती थीं। यही दिपके का पैतृक गांव भी बताया जाता है। परिवार के मुताबिक, वह पिछले कुछ समय से उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से परेशान थीं और उनकी तबीयत लगातार खराब चल रही थी। अभिजीत के माता-पिता छत्रपति संभाजीनगर में रहते हैं। बताया जाता है कि जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के बाद CJP की पहली बैठक दिपके के इसी आवास पर आयोजित की गई थी।
प्रदर्शन के बीच परिवार में शोक
एक ओर CJP के नेता दिल्ली में हिरासत में लिए जाने की कार्रवाई को लेकर चर्चा में हैं, वहीं दूसरी ओर अभिजीत दिपके के परिवार में दादी के निधन से शोक का माहौल है। पार्टी की ओर से भी उनके निधन की पुष्टि की गई है।