नई दिल्ली। पूरा देश आज 74वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने तिरंगा फहराया। इसके बाद कर्तव्य पथ पर परेड का आयोजन शुरू हो गया। इस साल मिस्र के राष्ट्रपति अब्लेद फतह अल-सीसी गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
परेड में शामिल हुए अग्निवीर
गणतंत्र दिवस की परेड में पहली बार अग्निवीर शामिल हुए। लेफ्टिनेंट कमांडर दिशा अमृत के नेतृत्व में 144 युवा नाविकों की नौसेना टुकड़ी ने कर्तव्य पथ पर मार्च किया। इस दौरान टुकड़ी में 3 महिलाएं और 6 पुरुष अग्निवीर शामिल रहे।
लगभग डेढ़ घंटे तक देश की सैन्य, सांस्कृतिक, लोकतांत्रिक और राजनीतिक शक्ति की झांकी निकली। परेड में कुल आठ सैन्य दस्ते शामिल हुए। सेना की ओर से जिन टुकड़ियों ने मार्च किया, उनमें एक मेकेनाइज्ड इन्फैंट्री, डोगरा रेजिमेंट, पंजाब रेजिमेंट, मराठा लाइट इन्फैंट्री, बिहार रेजिमेंट और गोरखा बिग्रेड शामिल थे। एक-एक दस्ता वायुसेना व नौसेना का था। बीएसएफ का एक कैमल बैंड भी परेड में दिखा।
त्रिपुरा की झांकी में महिला सशक्तिकरण
गणतंत्र दिवस परेड में त्रिपुरा की झांकी ‘महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के साथ पर्यटन और जैविक खेती पर आधारित रही। झांकी में महामुनि बुद्ध मंदिर को भी दर्शाता गया।
गुजरात की झांकी में हरित ऊर्जा पर जोर
गणतंत्र दिवस पर गुजरात की झांकी ‘स्वच्छ-हरित ऊर्जा कुशल गुजरात’ विषय पर आधारित रही। इस झांकी में ऊर्जा के नवीकरणीय स्रोतों को दर्शाया गया।
उत्तराखंड की झांकी में दिखा जागेश्वर धाम
उत्तराखंड की झांकी में कॉर्बेट नेशनल पार्क और अल्मोड़ा के जागेश्वर धाम को दर्शाया गया।
Republic Day, 74th Republic Day, Republic Day of India,