मुंबई। पिछले काफी समय से महाराष्ट्र की राजनीति में मची उथल पुथल के बीच एक और बड़े ट्विस्ट की संभावना व्यक्त की जा रही है। शिवसेना और एनसीपी की बगावत से लगभग समाप्त हो चुके महाविकास अघाड़ी (MVA) को एक और चोट लग सकती है।
दरअसल, बीजेपी सांसद रणजीत सिंह नाइक निंबालकर ने MVA के एक घटक कांग्रेस को लेकर भी बड़ा दावा किया है। निंबालकर के मुताबिक आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्टी में भी फूट पड़ सकती है। हालांकि, महाराष्ट्र में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की माने तो ऐसी कोई बात नहीं है। उनके द्वारा कांग्रेस के एकजुट होने का दावा किया जा रहा है।
बावजूद इसके कांग्रेस पार्टी में फूट को लेकर हमेशा अलग-अलग खबरें आती रहती हैं। महाराष्ट्र में MVA सरकार को भंग हुए एक साल बीत चुका है, लेकिन इस एक साल के अंतराल में ही MVA में शामिल तीन प्रमुख दलों में से दो शिवसेना और एनसीपी में दो गुट बन चुके हैं। कांग्रेस अकेली पार्टी है जो अभी तक विभाजित है।
बीजेपी सांसद का दावा क्या?
महाराष्ट्र के माढा से बीजेपी सांसद रणजीत सिंह नाईक निंबालकर ने कांग्रेस को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस पार्टी जल्द ही MVA से बाहर हो जाएगी। खास बात यह है कि महाविकास अघाड़ी के टूटने के लिए भी कांग्रेस पार्टी जिम्मेदार मानी जा रही है।
निंबालकर ने दावा किया है कि कांग्रेस के कुछ विधायक महाराष्ट्र सरकार में भी शामिल होंगे। दरअसल कांग्रेस विधायकों को लगता है कि अब महाविकास अघाड़ी में रहने का कोई फायदा नहीं है। इसलिए वे सरकार में शामिल होंगे। जिसके बाद MVA में केवल एनसीपी और उद्धव ठाकरे गुट ही बचेगा।