रोहतक। हरियाणा में कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या उसके बॉयफ्रेंड सचिन ने की थी। वारदात के बाद वह दिल्ली फरार हो गया था। पुलिस ने उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया है। सचिन के पास से हिमानी का मोबाइल नंबर और कुछ ज्वेलरी मिली है। आरोपी ने गुनाह कबूल कर लिया है। उसे आज ही कोर्ट में पेश किया जाएगा।।
जांच में पता चला है कि आरोपी हिमानी के साथ काफी समय से रिलेशनशिप में था। प्रारंभिक जांच में ब्लैकमेल करने की बात भी सामने आई है। आरोपी ने कहा है कि वह हिमानी को काफी पैसे भी दे चुका था। इसके बावजूद वह बार-बार और अधिक पैसे की डिमांड कर रही थी। जिसके बाद उसने हिमानी की हत्या का प्लान बना डाला।
आरोपी ने हिमानी नरवाल की हत्या उसी के मकान में की थी। हिमानी विजयनगर स्थित किराए के मकान में रहती थी. उसके साथ उसकी मां और भाई भी रहता था। लेकिन वारदात वाले दिन दोनों नजफगढ़ गए हुए थे और हिमानी घर पर अकेली थी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी सचिन ने हिमानी को उसी के घर में हत्या की, फिर उसके शव को एक सूटकेस में बंदकर उसे घर से 800 मीटर की दूरी पर सांपला बस स्टैंड के समीप फ्लाईओवर के पास फेंक दिया था।
बता दें, हिमानी नरवाल महिला कांग्रेस की सक्रिय कार्यकर्ता थीं। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान हरियाणवी पोशाक पहनकर राहुल गांधी का हाथ पकड़कर चलने से हिमानी चर्चा में आई थीं। एमबीए और लॉ की पढ़ाई कर चुकी हिमानी सोशल मीडिया पर सक्रिय रहती थीं और बतौर डिजिटल क्रिएटर काम करती थीं।