नई दिल्ली। विश्व क्रिकेट पर भारत का दबदबा पाकिस्तानियों को बहुत चुभता है। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक़ ने सभी देशों के क्रिकेट बोर्ड से अपील की है कि वह अपने प्लेयर्स को आईपीएल में ना भेजें। इंजमाम ने कहा कि जिस तरह भारत अपने प्लेयर्स को टी20 लीग में हिस्सा लेने नहीं देता उसी तरह दूसरे देशों के बोर्ड को भी अपने प्लेयर्स को भारत नहीं भेजना चाहिए।
इंजमाम उल हक ने एक टीवी शो पर कहा, “चैंपियंस ट्रॉफी को आप एक साइड में कर दें फिर भी आप आईपीएल को देखें। आईपीएल में दुनिया के सारे टॉप प्लेयर्स आकर खेलते हैं। इंडियन प्लेयर्स किसी लीग में जाकर नहीं खेलते। सभी बोर्ड को ये करना चाहिए कि अपने जो प्लेयर्स हैं उन्हें आईपीएल में भेजना छोड़ दें। अगर आप किसी लीग के लिए अपने खिलाड़ियों को जाने नहीं देते तो दूसरे बोर्ड को भी स्टान्स तो लेना चाहिए ना।
दुनिया के तमाम बड़े क्रिकेटर्स आईपीएल में खेलते हैं। कई बार तो विदेशी प्लेयर्स नेशनल की बजाय आईपीएल मैचों को तवज्जों देते हैं। आईपीएल के आलावा दुनिया भर में कई अन्य टी20 लीग खेली जाती है, लेकिन बीसीसीआई अपने प्लेयर्स को अनुमति नहीं देता कि वह उन लीग में जाकर खेल सके। कोई भारतीय खिलाड़ी रिटायरमेंट के बाद ही किसी विदेशी लीग में खेल सकता है।