चंडीगढ़| पंजाब की भगवंत मान सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ अपने ज़ीरो टॉलरेंस रुख को एक बार फिर स्पष्ट करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। फरीदकोट में तैनात क्राइम अगेंस्ट वूमेन यूनिट के डीएसपी राजनपाल को रिश्वत देने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, डीएसपी राजनपाल पर भ्रष्टाचार की एक शिकायत दर्ज थी, जिसे रद्द करवाने के लिए उन्होंने 1 लाख रुपये की रिश्वत देने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि यह रिश्वत उन्होंने शिकायत को दबाने के लिए एसएसपी कार्यालय में देने की कोशिश की थी।
लेकिन मामला उजागर होते ही पंजाब पुलिस ने डीएसपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की और तुरंत उन्हें हिरासत में ले लिया। सरकार ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
पंजाब सरकार का कहना है कि राज्य में कानून व्यवस्था को सख्ती से लागू करने और प्रशासन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।