तरनतारन (पंजाब): पंजाब के तरनतारन जिले में वैलेंटाइन वीक के दौरान एक कॉलेज परिसर में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गांव उसमा स्थित एक कॉलेज में सोमवार सुबह एक युवक ने कक्षा के अंदर घुसकर अपनी सहपाठी छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी युवक ने भी खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृत छात्रा की पहचान संदीप कौर, निवासी गांव नौशहरा पनुआ के रूप में हुई है। वहीं, आत्महत्या करने वाले युवक की पहचान प्रिंसराज सिंह, निवासी गांव मलिया के तौर पर की गई है। दोनों ही लॉ (कानून) के छात्र बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह मामला एकतरफा प्रेम से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह कॉलेज में कक्षाएं शुरू ही हुई थीं और संदीप कौर अपनी क्लास में पहुंच चुकी थी। इसी दौरान प्रिंसराज सिंह वहां आया और छात्रा के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद युवक ने उसी हथियार से खुद को भी गोली मार ली।
घटना की खबर फैलते ही कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कॉलेज प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एहतियातन कॉलेज परिसर को खाली करवा दिया गया है और सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने हत्या और आत्महत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल को बरामद कर लिया है।
इस मामले में एसएसपी तरनतारन सुरेंद्र लांबा ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर मामला एकतरफा प्रेम से जुड़ा लग रहा है, लेकिन हर पहलू से जांच की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हथियार कहां से आया और युवक कॉलेज परिसर तक हथियार लेकर कैसे पहुंचा। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।