चंडीगढ़। हरियाणा के बहादुरगढ़ से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। वेलेंटाइन डे मनाने के कुछ ही घंटों बाद एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और वारदात को लूट की घटना का रूप देने की कोशिश की। झज्जर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 18 घंटे के भीतर मामले का पर्दाफाश कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।
लूट की कहानी में फंसा आरोपी
रविवार रात करीब 11 बजे गुरुग्राम में कार्यरत चार्टर्ड अकाउंटेंट अंशुल धवन ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर दावा किया कि कुछ अज्ञात बदमाश लूट के इरादे से घर में घुसे, उस पर हमला किया और उसकी पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जब जांच शुरू की तो कई संदिग्ध परिस्थितियां सामने आईं। अंशुल के बयान बार-बार बदल रहे थे और वह कथित हमलावरों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा था। पूछताछ के दौरान उसके जवाबों में विरोधाभास मिलने पर पुलिस का शक गहरा गया। सख्ती से पूछताछ करने पर आखिरकार आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
चरित्र पर शक बना हत्या की वजह
जांच में खुलासा हुआ कि अंशुल को अपनी पत्नी महक के चरित्र पर संदेह था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपी ने हाथों में ग्लव्स पहने ताकि फिंगरप्रिंट न मिलें। उसने पहले पत्नी का गला दबाया और फिर कैंची से गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद लूट की झूठी कहानी गढ़कर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। मृतका के पिता कृष्ण कथूरिया ने भी शुरुआत से ही अपने दामाद पर शक जताया था।
पांच महीने में उजड़ गया घर
अंशुल मूल रूप से हिसार का रहने वाला है, जबकि महक हांसी की निवासी थी। दोनों की शादी 25 सितंबर 2025 को धूमधाम से हुई थी। महक गुरुग्राम में एचडीएफसी बैंक में कार्यरत थी, जबकि अंशुल एक प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंट बताया जा रहा है। शादी को अभी पांच महीने भी पूरे नहीं हुए थे कि अविश्वास और शक ने इस रिश्ते का दर्दनाक अंत कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।