पटना। सम्राट चौधरी को बिहार का नया मुख्यमंत्री चुने जाने पर मुहर लग गई है।लंबे समय से राज्य की कमान संभाल रहे Nitish Kumar ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया है। अब वे बिहार के नए मुख्यमंत्री होंगे। इस फैसले के साथ राज्य में करीब 20 वर्षों बाद नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण की तैयारी शुरू हो गई है।
अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी एक विस्तृत पोस्ट में नीतीश कुमार ने अपने कार्यकाल और सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने लिखा कि 24 नवंबर 2005 से राज्य में एनडीए सरकार की शुरुआत हुई थी और तब से बिहार में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और कृषि जैसे क्षेत्रों में व्यापक काम हुआ है। साथ ही उन्होंने बताया कि महिलाओं और युवाओं के लिए कई योजनाएं चलाई गई हैं। नीतीश कुमार ने यह भी उल्लेख किया कि 2025 से 2030 की अवधि के लिए ‘7 निश्चय-3’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई है, जिससे विकास कार्यों को और गति मिलेगी।
उन्होंने केंद्र सरकार के सहयोग के लिए प्रधानमंत्री Narendra Modi का आभार भी जताया और उम्मीद जताई कि बिहार आगे और तेजी से विकास करेगा तथा देश के शीर्ष राज्यों में शामिल होगा। इस बीच राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है और नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण को लेकर तैयारियां चल रही हैं। Samrat Choudhary के नेतृत्व में नई सरकार के गठन को लेकर औपचारिक प्रक्रियाएं आगे बढ़ रही हैं।