पश्चिम बंगाल चुनावी दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार सुबह कोलकाता में हुगली नदी में नौका विहार किया। इस दौरान उन्होंने गंगा की महत्ता को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि इसके पवित्र जल में एक संपूर्ण सभ्यता की शाश्वत भावना बहती है। पीएम मोदी ने अपने इस दौरे की तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी साझा कीं, जिनमें वह लकड़ी की नाव पर बैठे हाथ में कैमरा लिए नजर आए। तस्वीरों में पीछे हावड़ा ब्रिज और विद्यासागर सेतु साफ दिखाई दे रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उन्हें इस ऐतिहासिक नदी और पुलों को करीब से देखने का मौका मिला। उन्होंने कहा, “हर बंगाली के लिए गंगा का विशेष महत्व है। कहा जा सकता है कि गंगा बंगाल की आत्मा में बहती है।” उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्हें नाविकों और सुबह सैर करने वाले लोगों से मिलने का भी अवसर मिला, जिनकी मेहनत और जीवनशैली सराहनीय है।
रोड शो के बाद सुबह का सॉफ्ट टच
सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार शाम पीएम मोदी ने हावड़ा से कोलकाता तक बड़ा रोड शो किया था। इसके बाद उन्होंने रात विश्राम किया और शुक्रवार सुबह सीधे प्रिंसेप घाट पहुंचे, जहां से उन्होंने नौका विहार शुरू किया। पीएम मोदी ने कहा, “कल मैं हावड़ा ब्रिज पर था और आज उसी पुल को हुगली नदी से देखने का अवसर मिला।”
नौका विहार के दौरान पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल के विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार राज्य के विकास और बंगाल के लोगों की समृद्धि के लिए लगातार काम करती रहेगी। बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का पहला चरण पूरा हो चुका है और अब दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा, जबकि नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।