मुंबई|मुंबई के आग्रीपाड़ा इलाके में महिला उत्पीड़न के एक मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर एक युवती को अश्लील मैसेज और वीडियो भेजकर परेशान करने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अशरफ सिद्दीकी के रूप में हुई है। वह एक कॉरपोरेट कंपनी में काम करता था, जहां पीड़िता भी थर्ड पार्टी टेलीकॉलर के तौर पर कार्यरत थी।
बार-बार आपत्तिजनक मैसेज भेजने का आरोप
पीड़िता के बयान के अनुसार, आरोपी ने कई बार उसे आपत्तिजनक मैसेज भेजे और अश्लील वीडियो साझा किए। साथ ही उसने कथित तौर पर अनुचित प्रस्ताव भी रखे और सहकर्मी लड़कियों के बारे में भी अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
परिवार ने की शिकायत
पीड़िता के परिवार का कहना है कि आरोपी ने नौकरी छोड़ने के बाद संपर्क नंबर हासिल कर युवतियों को परेशान करना शुरू किया। जब मामला सामने आया, तो परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद कार्रवाई की गई। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने अन्य लोगों को भी इसी तरह निशाना बनाया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।