नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) में मचे सियासी भूचाल ने दिल्ली से लेकर पंजाब तक हलचल तेज कर दी है। पार्टी के भीतर उठे इस बड़े संकट के बाद बैठकों का दौर शुरू हो गया है और नेतृत्व आगे की रणनीति पर मंथन कर रहा है। इसी बीच अरविंद केजरीवाल गुजरात दौरे से लौटते ही मनीष सिसोदिया से मिले, जहां मौजूदा हालात पर विस्तार से चर्चा हुई। वहीं, राज्यसभा सांसद संजय सिंह आज दोपहर 12:30 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी का पक्ष रखने वाले हैं।
सियासी हलचल तब और तेज हो गई जब राघव चड्ढा ने शुक्रवार को AAP छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया। उनके साथ संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने भी पार्टी से इस्तीफा देकर बीजेपी जॉइन कर ली। इसके अलावा चार और सांसदों के भी बीजेपी में शामिल होने की चर्चा है, जिससे AAP की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।
इस पूरे घटनाक्रम पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तीखा तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बिना नाम लिए बागी नेताओं पर निशाना साधा। भगवंत मान ने लिखा, “अदरक, लहसुन, जीरा, मेथी, लाल मिर्च, काली मिर्च और धनिया—ये सभी मिलकर सब्जी का स्वाद बढ़ाते हैं, लेकिन अपने आप में कोई भी ‘सब्जी’ नहीं बन सकता।”
उनका यह बयान पार्टी छोड़ने वाले नेताओं पर सीधा हमला माना जा रहा है। AAP में जारी इस सियासी संकट के बीच अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पार्टी नेतृत्व इस चुनौती से कैसे निपटता है और आने वाले दिनों में इसका असर दिल्ली और पंजाब की राजनीति पर क्या पड़ता है।