संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह से कोझिकोड जा रही एयर अरेबिया की फ्लाइट में शनिवार तड़के तकनीकी खराबी आने से हड़कंप मच गया। विमान को एहतियातन कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतारा गया। राहत की बात यह रही कि सभी यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।
जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट G9-454 में इंजन के रिवर्स थ्रस्ट सिस्टम में तकनीकी समस्या सामने आई थी। इसके बाद पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना दी और विमान को कोचीन एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया।
कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (CIAL) के अनुसार, विमान सुबह करीब 3 बजकर 38 मिनट पर सुरक्षित रूप से लैंड कर गया। इससे पहले एयरपोर्ट प्रशासन ने लोकल स्टैंडबाय और बाद में फुल इमरजेंसी घोषित कर दी थी। एयरपोर्ट की सभी इमरजेंसी सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखा गया।
बताया गया कि विमान के पार्किंग बे में पहुंचने के बाद सुबह 3 बजकर 45 मिनट पर इमरजेंसी वापस ले ली गई। फ्लाइट में कुल 170 यात्री, 9 शिशु और क्रू मेंबर सवार थे।
तकनीकी जांच और आवश्यक मरम्मत के बाद विमान को सुबह 7 बजकर 15 मिनट पर कोझिकोड के लिए रवाना कर दिया गया। एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा कि इस घटना से एयरपोर्ट के सामान्य संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा।
एविएशन अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा मानकों के तहत किसी भी तकनीकी गड़बड़ी को गंभीरता से लिया जाता है और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होती है।