कोलकाता| पश्चिम कोलकाता के तारातला इलाके में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक निर्माणाधीन गोदाम की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर काम कर रहे कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस दुर्घटना में अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
घटना ब्रेस ब्रिज के पास ट्रांसपोर्ट डिपो रोड स्थित एक निर्माणाधीन गोदाम में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छत गिरने के साथ जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। देखते ही देखते इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही कोलकाता पुलिस, दमकल विभाग, आपदा प्रबंधन टीम और नागरिक सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया। अब तक चार लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि कई लोगों के अब भी फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
राहत कार्य को तेज करने के लिए क्रेन, जेसीबी और भारी मशीनों की मदद ली जा रही है। मलबे में दबे लोगों तक पहुंचने के लिए लोहे के बड़े बीम हटाए जा रहे हैं। प्रशासन के मुताबिक सेना के जवान भी बचाव अभियान में सहयोग कर रहे हैं, जिससे ऑपरेशन को गति मिली है। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके को घेर लिया है और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्राथमिक जांच में निर्माण कार्य में लापरवाही और घटिया सामग्री इस्तेमाल किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे की असली वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। फिलहाल राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।