मुंबई। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर आंदोलन के नाम पर हिंदुओं की भावनाओं का इस्तेमाल किया गया, लेकिन अब मंदिर से जुड़े आर्थिक मामलों पर सवाल उठ रहे हैं।
मुंबई में मीडिया से बातचीत के दौरान उद्धव ठाकरे ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए देशभर के हिंदुओं ने लंबे समय तक संघर्ष किया और कई लोगों ने आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि जब बीजेपी के केवल दो सांसद थे, तब पार्टी ने हिंदुत्व के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था, लेकिन आज राजनीतिक विरोधियों को तोड़ने की राजनीति की जा रही है।
उद्धव ठाकरे ने कहा कि आज “ऑपरेशन टाइगर” की चर्चा हो रही है, जबकि दूसरी ओर अयोध्या में “ऑपरेशन राम मंदिर” चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर से जुड़े पैसों में गड़बड़ी के आरोप सामने आ रहे हैं, जिससे राम भक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जिक्र करते हुए ठाकरे ने कहा कि उन्होंने कभी कहा था, “अब हिंदू मार नहीं खाएगा, अब हिंदू माफ नहीं करेगा।” उद्धव ने दावा किया कि अब हिंदू समाज जाग चुका है और मंदिर से जुड़े मामलों में जवाब मांग रहा है।
इसी मुद्दे को लेकर शिवसेना (यूबीटी) ने ‘रामरक्षा आंदोलन’ शुरू करने का ऐलान किया है। उद्धव ठाकरे ने सभी राम भक्तों और हिंदुत्व की विचारधारा से जुड़े लोगों से मुंबई के दादर स्थित हनुमान मंदिर में एकत्रित होने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आंदोलन की शुरुआत 4 जुलाई से की जाएगी। रविवार शाम 4 बजे दादर के मंदिर परिसर में हनुमान चालीसा का पाठ किया जाएगा, जिसमें वह स्वयं भी मौजूद रहेंगे।
उद्धव ठाकरे ने कहा कि यह केवल शुरुआत है और आने वाले दिनों में महाराष्ट्र के अलग-अलग जिलों में स्थित राम मंदिरों और हनुमान मंदिरों में भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि यह आंदोलन राम भक्तों की भावनाओं और हिंदुत्व की रक्षा के लिए चलाया जाएगा।