भोपाल| ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ा कदम उठाया है। एजेंसी ने भोपाल की CBI अदालत में 636 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। इसमें ट्विशा के पति समर्थ सिंह और उनकी सास गिरिबाला सिंह को आरोपी बनाया गया है। दोनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
पति और सास पर दर्ज हैं कई धाराएं
CBI की चार्जशीट के मुताबिक, आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2), 85, 108 और 3(5) के साथ दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धाराएं 3 और 4 लगाई गई हैं। जांच एजेंसी ने मामले में दहेज से जुड़े आरोपों और ट्विशा की मौत से जुड़े परिस्थितियों की पड़ताल की है। चार्जशीट दाखिल होने के बाद अब मामले में आरोपी बनाए गए समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह की कानूनी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
शादी के कुछ महीनों बाद हुई ट्विशा की मौत
ट्विशा शर्मा की सगाई 12 मई 2025 को वकील समर्थ सिंह से हुई थी। दिसंबर 2025 में दोनों की शादी हुई, जिसके बाद ट्विशा भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने ससुराल में रहने लगीं। 12 मई 2026 को ट्विशा का शव उनके ससुराल में मिला। घटना के बाद उनके माता-पिता ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और बेटी को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए थे।
पुलिस के बाद CBI ने संभाली जांच
मामले में शुरुआती जांच स्थानीय पुलिस ने की थी। इसके बाद पति समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की गई और जांच के लिए SIT का गठन किया गया। इसी दौरान गिरिबाला सिंह को अदालत से अग्रिम जमानत मिल गई थी, जबकि समर्थ सिंह कुछ समय तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर रहे। बाद में जबलपुर पुलिस ने 22 मई 2026 को उन्हें हिरासत में लिया।
परिजनों की मांग पर CBI जांच
ट्विशा के परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर मध्य प्रदेश सरकार से CBI जांच कराने की अपील की थी। परिवार ने 17 मई को मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन भी किया था। इसके बाद 20 मई को मुख्यमंत्री से मुलाकात हुई, जहां CBI जांच का आश्वासन मिलने की बात सामने आई।
अब CBI ने अपनी जांच पूरी करते हुए अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया अब अदालत में चलेगी।