मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या और काशी के भव्य विकास के बाद अब ब्रजभूमि को भी जनभावनाओं और उसकी आध्यात्मिक-सांस्कृतिक महत्ता के अनुरूप विकसित किया जाएगा। डबल इंजन की सरकार ब्रज क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां अयोध्या और काशी की तर्ज पर भव्य परिसर विकसित किया जाएगा और श्रद्धालुओं को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे श्रीकृष्ण जन्मभूमि आने से डरती थीं, क्योंकि उन्हें अपने वोट बैंक की चिंता रहती थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की आस्था कृष्ण कन्हैया, प्रभु श्रीराम, बाबा विश्वनाथ और मां विंध्यवासिनी में है। योगी ने आरोप लगाया कि बाबर और औरंगजेब के अनुयायी समाज में फिर से विष घोलने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनके मंसूबों को सफल नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सुरक्षा, रोजगार, किसानों की खुशहाली, युवाओं के भविष्य और उद्यमियों के विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है। ब्रजभूमि में होने वाले पर्व और त्योहार केवल आस्था के केंद्र नहीं हैं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देते हैं।
अयोध्या की तर्ज पर ब्रज का विकास
योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ वर्ष पहले वहां बुनियादी सुविधाओं का अभाव था, लेकिन आज अयोध्या धाम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। प्रमुख पर्वों और मेलों के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के साथ अयोध्या में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक स्तर पर विकास कार्य किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 1528 में विदेशी आक्रांताओं ने अयोध्या में हमारी आस्था को समाप्त करने का प्रयास किया, लेकिन सनातन आस्था कभी पराजित नहीं हुई। आज अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण इसका प्रमाण है। उन्होंने कहा कि जो लोग अयोध्या के विकास से खुश नहीं हैं, वे उसे बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं।
विंध्यवासिनी धाम का भी हुआ भव्य विकास
मुख्यमंत्री ने योगमाया और मां विंध्यवासिनी का उल्लेख करते हुए कहा कि योगमाया के प्रति आस्था ने विंध्यवासिनी धाम को भी भव्य परिसर का स्वरूप दिया है। उन्होंने कहा कि ब्रज और विंध्य क्षेत्र की धार्मिक परंपराओं का संरक्षण तथा उनका आधुनिक सुविधाओं के साथ विकास सरकार की प्राथमिकता है।
मथुरा-वृंदावन समेत पूरे ब्रज में मिलेंगी सुविधाएं
योगी ने कहा कि मथुरा-वृंदावन के साथ बरसाना, नंदगांव और गोवर्धन आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सरकार का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो और वे सहज भाव से दर्शन-पूजन कर सकें।
उन्होंने कहा कि पर्व और त्योहार समाज को जोड़ने के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी गति देते हैं। कारीगर, हस्तशिल्पी, व्यापारी और अन्य वर्ग इन आयोजनों से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुड़ते हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने में योगदान देते हैं।
‘कर्मण्येवाधिकारस्ते’ का दिया संदेश
मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण के गीता संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि मनुष्य को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए और परिणाम की चिंता नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि देश, समाज और परिवार के प्रति हर व्यक्ति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करे तो भारत को विकसित भारत और उत्तर प्रदेश को विकसित उत्तर प्रदेश बनने में देर नहीं लगेगी।
योगी ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के कारण ही लोग अपने पर्व और त्योहार स्वतंत्र माहौल में मना पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज युवा अपने भविष्य, महिलाएं अपनी सुरक्षा और कारीगर-हस्तशिल्पी उद्यमी बनने को लेकर अधिक आश्वस्त हैं।
‘जवाहर बाग’ जैसी घटनाओं के बजाय अब उत्सव का माहौल
मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रजभूमि अब जन्मोत्सव, रंगोत्सव, ब्रजरज उत्सव और वैष्णव कुंभ जैसे आयोजनों के जरिए नए उत्साह और विश्वास के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने पिछली सरकारों पर आरोप लगाया कि उनकी नीतियों के कारण यहां जवाहर बाग जैसी घटना हुई, जबकि वर्तमान सरकार ब्रज को विकास और उत्सव की नई पहचान दे रही है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।