कानपुर| काकादेव इलाके में सार्वजनिक स्थान पर पेशाब करने से रोकने की बात को लेकर हुआ विवाद जानलेवा साबित हुआ। आरोप है कि कुछ युवकों ने कारोबारी अमित कुमार के साथ मारपीट की और ईंट से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। अस्पताल में दो दिन तक इलाज चलने के बाद कारोबारी की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम है, जबकि स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है।
दुकान बंद कर घर लौट रहे थे अमित कुमार
जानकारी के मुताबिक नवीन नगर निवासी 47 वर्षीय अमित कुमार इलाके में ‘प्रेम ऐड’ नाम से दुकान चलाते थे। शनिवार रात करीब 11 बजे वह दुकान बंद करने के बाद घर जा रहे थे। इसी दौरान ओम चौराहे के पास उनकी कुछ युवकों से कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि अमित कुमार ने युवकों में से एक को सड़क पर पेशाब करने से रोका था। इसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि युवकों ने पहले उनके साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी।
ईंट से हमले का आरोप, CCTV में कैद हुई घटना
परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपियों ने अमित कुमार को घेर लिया और उनके सिर पर ईंट से हमला किया। गंभीर रूप से घायल होकर वह सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें भी धमकाया। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस और परिवार के लोग वहां पहुंचे और घायल अमित कुमार को अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें अनुराग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा था। पुलिस के पास घटना से जुड़ा CCTV फुटेज भी है। पुलिस के अनुसार, फुटेज में चार युवक मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। अब इसी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
दो दिन बाद इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
अमित कुमार ने करीब दो दिन तक अस्पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष किया, लेकिन सोमवार देर शाम उनकी मौत हो गई। कारोबारी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। मृतक के बेटे रुद्र प्रताप सिंह का आरोप है कि पूरी घटना CCTV में रिकॉर्ड हुई है और हमलावरों की पहचान आसानी से की जा सकती है। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। काकादेव थाना प्रभारी धर्मेंद्र राम के मुताबिक, घटना को लेकर पहले से दर्ज मुकदमे में अब हत्या की धाराएं बढ़ाई जाएंगी। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।