लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में सोमवार को एक निजी स्कूल में शिक्षिका की हत्या की घटना से हड़कंप मच गया। शाहपुरा कोठी स्थित चिल्ड्रेन्स एकेडमी स्कूल में 26 वर्षीय शिक्षिका निशात फातिमा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी सऊद अंसारी की भी मौत हो गई। घटना के वक्त स्कूल में बड़ी संख्या में बच्चे और स्टाफ मौजूद थे।
रिश्ते को लेकर विवाद की बात सामने आई
पुलिस की शुरुआती जांच और एफआईआर के मुताबिक, निशात फातिमा और सऊद अंसारी के बीच पहले संबंध थे। हाल में रिश्ता खत्म होने और शादी को लेकर कथित दबाव के चलते विवाद की बात सामने आई है। निशात के भाई की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी और उसके माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हालांकि, घटना के पीछे की पूरी वजह और परिस्थितियों की जांच अभी जारी है। पुलिस के अनुसार, सऊद सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे निशात से मिलने स्कूल पहुंचा था। दोनों की मुलाकात पहले नीचे हुई और बाद में वे स्कूल की ऊपरी मंजिल की ओर गए। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान कॉरिडोर में दोनों के बीच बातचीत हुई और फिर फायरिंग की घटना सामने आई। दोनों की मौके पर मौत हो गई।
CCTV में कैद हुई वारदात
घटना से पहले की CCTV फुटेज भी जांच का हिस्सा है। सामने आई फुटेज में आरोपी को शिक्षिका को ऊपर की ओर ले जाते हुए देखा गया है। घटना के बाद स्कूल में मौजूद बच्चों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस अब CCTV रिकॉर्डिंग के जरिए वारदात से पहले और बाद की पूरी गतिविधियों को समझने की कोशिश कर रही है। घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने स्कूल पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि आरोपी हथियार लेकर स्कूल परिसर में कैसे दाखिल हुआ और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई कमी तो नहीं थी। CCTV कैमरों, स्कूल में आने-जाने की प्रक्रिया और सुरक्षा प्रोटोकॉल की भी समीक्षा की जा रही है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों से मामले की परिस्थितियों को समझने में मदद मिलेगी। दोनों परिवारों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े अन्य पहलुओं पर स्थिति और स्पष्ट होगी।