नई दिल्ली। दिल्ली में SIR और CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) समर्थकों पर पुलिस का एक्शन तेज हो गया है। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से सीजेपी समर्थकों को डिटेन किया जा रहा है। अबतक 1500 से ज्यादा प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए जा चुके हैं। कनॉट प्लेस आउटर सर्किल में जुट रहे करीब 200 सीजेपी समर्थकों को डिटेन किया गया है, ये सभी लोग जंतर-मंतर जाने की कोशिश में थे। पुलिस ने सीजेपी के लीडर अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरभ दास को भी डिटेन कर लिया है। इन तीनों को दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लाइट से ही हिरासत में ले लिया गया है।
30 हजार से ज्यादा पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात
जंतर मंतर की तरफ जाने वाले सभी रास्तों पर हैवी बैरिकेडिंग की गई है। 30 हजार से ज्यादा पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात है। सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी की जा रही है, गाड़ियों को रोकने के लिए सड़कों पर कीलें लगाई गई हैं। दिल्ली के सभी बॉर्डर पर पुलिस और BSF तैनात है। दिल्ली में घुसने वाली गाड़ियों की चेकिंग की जा जा रही है। साथ ही जंतर-मंतर के 4 किलोमीटर की दायरे में इंटरनेट सेवा बंद है। 45 मेट्रो स्टेशन पर एंट्री एग्जिट की सुविधा भी बंद है। दिल्ली आने वाले सभी रास्तों पर पुलिस एक-एक शख्स की जांच कर रही है।
20 जुलाई को CJP के प्रोटेस्ट के दौरान जो दिल्ली में हुआ उससे पुलिस ने सबक लिया और प्रदर्शन की परमिश नहीं दी। CJP ने 7 अक्टूबर को प्रदर्शन की सूचना दी थी जबकि नियमों के मुताबिक 10 दिन पहले आवेदन करना जरूरी है। प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस और जनपथ रोड समेत आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रेलवे स्टेशनों पर आने वाले यात्रियों और होटलों में ठहरने वालों की जांच की जा रही है। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली आने वालों पर नजर रखी जा रही है।