नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं को नशे की लत से दूर रहने का संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि नशे की समस्या केवल एक व्यक्ति को प्रभावित नहीं करती, बल्कि इसका असर पूरे परिवार पर पड़ता है. जब कोई नौजवान नशे की गिरफ्त में आता है तो उसके साथ पूरे परिवार के सपने भी बिखर जाते हैं. प्रधानमंत्री ने परिवारों, गुरुद्वारों और सामाजिक संगठनों से युवाओं को सही दिशा दिखाने के लिए मिलकर काम करने की अपील की.
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की पूर्व संध्या पर दिल्ली के लोक निवास में आयोजित शब्द कीर्तन कार्यक्रम में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने गुरु नानक देव जी को नमन किया और देशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं. कार्यक्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.
नशे की समस्या पर क्या बोले PM मोदी?
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज समाज के सामने नशे की समस्या एक बड़ी चुनौती है. एक युवा जब नशे की गिरफ्त में आता है तो उसके साथ पूरे परिवार के सपने टूट जाते हैं. उन्होंने कामना की कि देश का हर युवा नशे से मुक्त रहे और अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़े. पीएम मोदी ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे खूब पढ़ें, आगे बढ़ें और अपने परिवार के साथ देश का गौरव बढ़ाएं. उन्होंने इस दिशा में परिवारों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया.
गुरुद्वारों और सामाजिक संगठनों से की खास अपील
प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं को सही रास्ता दिखाने में समाज की सामूहिक भूमिका बेहद अहम है. इसके लिए संगत, गुरुद्वारे और सामाजिक संस्थाओं को एकजुट होकर प्रयास करना चाहिए. ये सभी मिलकर नौजवानों का मार्गदर्शन कर सकते हैं और उन्हें जीवन में सही रास्ता चुनने का हौसला दे सकते हैं. उन्होंने भरोसा जताया कि गुरु साहब की कृपा और समाज के सामूहिक प्रयासों से देश की नई पीढ़ी को सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य दिया जा सकता है.
गुरुवाणी का संदेश भी किया साझा
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में गुरुवाणी के महत्व पर भी बात की. उन्होंने कहा कि गुरुवाणी का एक-एक शब्द और कीर्तन की एक-एक धुन केवल संगीत नहीं, बल्कि अपने आप में साधना है. यह ज्ञान के सागर में गोता लगाने जैसा अनुभव है. प्रधानमंत्री ने ‘सरबत दा भला’ का उल्लेख करते हुए कहा कि गुरुवाणी सभी के कल्याण की भावना सिखाती है. दुनिया के कई हिस्सों में संघर्ष और हिंसा के बीच शांति, सुरक्षा और हर व्यक्ति को सम्मान के साथ जीने का अवसर मिलना बेहद जरूरी है.
2029 तक नशे की समस्या खत्म करने का संकल्प
देश में नशीले पदार्थों की समस्या से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने वर्ष 2029 तक इस खतरे को खत्म करने का संकल्प लिया है. प्रधानमंत्री भी अलग-अलग मौकों पर युवाओं को नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील कर चुके हैं.