मिस्र की राजधानी काहिरा के पास एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को उजाड़ दिया. पेट्रोलियम पदार्थों से भरा एक ट्रक पलटने के बाद आग की चपेट में आ गया. देखते ही देखते आग ने आसपास से गुजर रहे वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया. इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हुए हैं.
मिस्र में बुधवार (25 नवंबर) को यह बड़ा हादसा गीजा शहर के अल-वर्राक इलाके में हुआ. हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी तेजी से फैली कि सड़क से गुजर रही कई कारें और मोटरसाइकिलें इसकी चपेट में आ गईं. शुरुआती आकलन के मुताबिक, हादसे में करीब 27 वाहन जलकर क्षतिग्रस्त हो गए.
कैसे हुआ इतना बड़ा हादसा?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पेट्रोलियम पदार्थों से भरा एक ट्रक काहिरा के रिंग रोड पर जा रहा था. इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया. शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रक सड़क के बीच बने कंक्रीट डिवाइडर से टकरा गया. टक्कर के बाद ट्रक पलट गया और उसमें आग लग गई.
इसके बाद आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास से गुजर रहे वाहन भी इसकी चपेट में आ गए. सड़क पर मौजूद कई लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. देखते ही देखते हाईवे पर धुएं का गुबार छा गया और कई वाहन जलकर खाक हो गए.
राहत और बचाव के लिए भेजी गईं 39 एंबुलेंस
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए. आग पर काबू पाने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया गया. मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, घटनास्थल पर 39 एंबुलेंस तैनात की गईं.
घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. वहीं, मृतकों की पहचान करने में भी मुश्किलें आ रही हैं. कई शवों की पहचान नहीं हो पाने के कारण अधिकारियों ने डीएनए जांच के जरिए उनकी पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.
राष्ट्रपति ने जताया दुख, जांच के आदेश
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने इस हादसे पर दुख जताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज और प्रभावित परिवारों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.
वहीं, सरकारी अभियोजन पक्ष ने मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे के वास्तविक कारणों और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है. अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों और घायलों की संख्या शुरुआती आंकड़ों पर आधारित है और जांच के साथ स्थिति स्पष्ट होगी.