नेटफ्लिक्स फिल्म ‘लापता लेडीज’ में ‘छोटू’ का किरदार निभाकर चर्चा में आए अभिनेता सतेंद्र सोनी इन दिनों एक वीडियो को लेकर सुर्खियों में हैं। अभिनेता ने सोशल मीडिया पर भावुक वीडियो साझा करते हुए एक फिल्म निर्देशक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि शूटिंग पूरी कराने के बाद उन्हें तय फीस नहीं दी गई और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी तक दी गई।
सतेंद्र सोनी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो जारी कर कहा कि वह फिल्म ‘पेड पालकी’ की शूटिंग के सिलसिले में मध्य प्रदेश के मैहर पहुंचे थे। अभिनेता के मुताबिक, फिल्म के निर्देशक पुष्पेंद्र के साथ पहले ही भुगतान को लेकर बातचीत तय हो चुकी थी। उन्हें शुरुआत में 50 हजार रुपये साइनिंग अमाउंट के तौर पर दिए गए थे और बाकी रकम शूटिंग के दौरान देने का भरोसा दिया गया था।
अभिनेता ने आरोप लगाया कि उन्होंने लगातार आठ दिनों तक शूटिंग की, लेकिन जब बकाया फीस की मांग की तो अचानक उनका पैकअप कर दिया गया। सतेंद्र का कहना है कि उन्हें होटल तक छोड़ने के लिए कहा गया और वहां भी दिखाई न देने की चेतावनी दी गई। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान उन्हें धमकियां भी मिलीं।
वीडियो में अपनी आपबीती सुनाते हुए सतेंद्र सोनी भावुक हो गए और रोते नजर आए। सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। कई यूजर्स और फैंस अभिनेता के समर्थन में सामने आए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
सतेंद्र सोनी इससे पहले कई फिल्मों और वेब सीरीज में नजर आ चुके हैं। ‘लापता लेडीज’ के अलावा उन्होंने ‘बवाल’, ‘वनवास’, ‘अब तो भगवान भरोसे’ और चर्चित वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ में भी अभिनय किया है। फिलहाल निर्देशक की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।