मुंबई। महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख को बॉम्बे हाई कोर्ट से झटका लगा है। भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद उच्च न्यायालय ने उनके खिलाफ सीबीआई जांच के आदेश दे दिए हैं।
मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह की याचिका पर सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट ने ये फैसला सुनाया है। बता दें कि कमिश्नर पद से हटने के बाद उन्होंने गृह मंत्री पर 100 करोड़ रुपए की वसूली के गंभीर आरोप लगाए थे।
पूर्व कमिश्नर ने एक चिट्ठी लिखी थी, जिसमें दावा किया था कि अनिल देशमुख द्वारा सचिन वाज़े को मुंबई से सौ करोड़ रुपये की वसूली का टारगेट दिया गया था। परमबीर सिंह ने इनके अलावा भी अनिल देशमुख पर कई आरोप लगाए थे।
परमबीर सिंह ने इस मामले में सबसे पहले सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। लेकिन सर्वोच्च अदालत ने परमबीर सिंह को पहले हाईकोर्ट जाने के लिए कह दिया था। इसी के बाद परमबीर सिंह और अन्य लोगों ने अनिल देशमुख के खिलाफ एक्शन लेने की मांग करते हुए याचिका दायर की थी।