लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सहारनपुर स्थित सर्किट हाउस में अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ जनपद में कोविड-19 संक्रमण की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कोविड-19 की रोकथाम के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने सहारनपुर के ग्राम सोरोना, तहसील नकुड, विकासखंड सरसावां में कन्टेनमेंट जोन का निरीक्षण भी किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने होम आइसोलेशन में रहने वाले कोविड संक्रमित मरीजों से संवाद भी किया।
प्रेस वार्ता के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने संपूर्ण लाकडाउन न लगाने की वजह बताई। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था को देखते हुए हमने कोरोना कर्फ्यू लगाया है, यह सम्पूर्ण लाकडाउन नहीं है।
आवश्यक सेवाएं चालू हैं। मजदूरों को समस्या न आए इसके लिए उद्योग धंधे व कारोबार चालू हैं। कहा कि हमारा मकसद परेशानी भी न हो, भीड़ भी न हो साथ ही भुखमरी की भी समस्या न आए। वहीं इसके लिए कम्युनिटी किचिन की व्यवस्था की गई है।