नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के मामलों में एक बार फिर से गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटे में भारत में कोविड-19 के 38,667 नए केस सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए ताजा आंकड़ो के मुताबिक देश में बीते दिन इस खतरनाक वायरस से 478 लोगों की जान चली गई।
रिपोर्ट के मुताबिक देश में पिछले 24 घंटे में 35,743 लोगों ने इस बीमारी को मात दी। देश में एक्टिव मरीजों की संख्या 3,87,673 है। वहीं देश में कुल मृतकों की संख्या की बात करें तो यह 4,28,322 हो गई है और अब तक कुल स्वस्थ मरीजों की संख्या 3,13,38,088 हो गई है। बता दें कि फिलहाल सबस ज्यादा मामले केरल राज्य से आ रहे हैं। यहां बीते 24 घंटे में 20,452 केस सामने आए हैं।
इसी के साथ यहां कुल मामलों की संख्या बढ़कर 36 लाख 52 हजार 90 हो गई है और मरने वालों की संख्या 18,394 हो गई है। आंकड़ो के अनुसार शुक्रवार को 16,856 लोग इस बीमारी से ठीक हो गए, जिससे राज्य में कुल ठीक होने वालों की संख्या 34 लाख 53 हजार 174 हो गई। मौजूदा समय में केरल में 1 लाख 80 हजार लोग उपचाराधीन हैं।