मुंबई। रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ ने सिनेमाघरों में 100 दिन पूरे कर लिए हैं। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। रिलीज के बाद से ही फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला और अब 100 दिन पूरे होने पर मेकर्स ने इस उपलब्धि का जश्न मनाया है| जियो स्टूडियोज ने सोशल मीडिया पर एक खास पोस्ट साझा करते हुए फिल्म के 100 दिन पूरे होने की जानकारी दी। पोस्ट में लिखा गया कि ‘हौसला, ईंधन और बदले’ की कहानी ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है।
दुनियाभर में 1800 करोड़ से ज्यादा की कमाई
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, ‘धुरंधर 2’ ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर करीब 1813 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। वहीं भारतीय बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की कमाई 1149 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। इसी के साथ यह हाल के वर्षों की सबसे बड़ी बॉलीवुड फिल्मों में शामिल हो गई है। फिल्म के पहले पार्ट ‘धुरंधर’ ने भी शानदार प्रदर्शन किया था। उस फिल्म ने दुनियाभर में करीब 1300 करोड़ रुपये की कमाई की थी। सीक्वल ने पहले भाग के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है।
स्टारकास्ट और कहानी ने जीता दर्शकों का दिल
‘धुरंधर 2’ में रणवीर सिंह ने एक बार फिर जसकिरत सिंह उर्फ हमजा के किरदार में दमदार वापसी की है। फिल्म में संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर माधवन, सारा अर्जुन, राकेश बेदी, गौरव गेरा और दानिश पंडोर ने भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म की कहानी एक्शन, इमोशन और बदले की भावना के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। खास तौर पर रणवीर सिंह के अभिनय और फिल्म के एक्शन सीक्वेंस की खूब चर्चा हुई।
ओटीटी पर भी मिल रहा जबरदस्त रिस्पॉन्स
सिनेमाघरों में सफलता के बाद फिल्म का अनकट वर्जन भी ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया गया। ‘धुरंधर: रॉ एंड अनदेखा’ और ‘धुरंधर 2: रॉ एंड अनदेखा – द रिवेंज’ को दर्शकों से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म पहले जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम हुई और बाद में नेटफ्लिक्स पर भी रिलीज की गई, जहां इसे लगातार देखा जा रहा है।