नई दिल्ली। एनसीबी अधिकारी समीर वानखेड़े पर आरोप की झड़ी लगाने वाले महाराष्ट्र के मंत्री और एनसीपी नेता नवाब मलिक ने एक बार फिर बड़ा खुलासा किया है। मलिक ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए दावा किया कि भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष मोहित कंबोज वसूली कांड का मास्टरमाइंड है और समीर वानखेड़े का पार्टनर है।
इतना ही नहीं, सुनील पाटिल और एनसीपी के बीच रिश्ते के आरोपों को खारिज करते हुए नवाब मलिक ने कहा कि पाटिल का एनसीपी के साथ कोई संबंध नहीं है और न ही वह कभी मिले हैं। उन्होंने समीर वानखेड़े को एनसीबी की चांडाल चौकड़ी का सदस्य बताया और बर्खास्त करने की मांग की।
बता दें कि शनिवार को मोहित कंबोज ने सुनील पाटिल को ड्रग्स केस का मास्टरमाइंड बताया था। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया था कि सुनील पाटिल के एनसीबी से रिश्ते भी हैं। इतना ही नहीं कंबोज ने आरोप लगाया था कि महाराष्ट्र सरकार में एक मंत्री इस पूरे सिंडिकेट को चला रहे हैं।