नई दिल्ली। लोकसभा में वन नेशन- वन इलेक्शन बिल को पेश कर दिया गया है। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बिल पेश किया। कांग्रेस-समाजवादी पार्टी समेत कई विपक्षी पार्टियां इस बिल के विरोध में उतर आई हैं। विधेयक को ‘संविधान (129वां संशोधन) विधेयक 2024’ नाम दिया गया है। बिल पेश होते ही विपक्ष ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया है। विपक्षी सांसदों के विरोध के बाद इस बिल को स्वीकार करने के लिए वोटिंग कराई गई। बिल के समर्थन में 269 और विरोध में 198 वोट पड़े हैं।
कौन समर्थन में, कौन विरोध में?
लोकसभा में पेश होने से पहले बिल को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिली थीं। संसद के पटल पर बिल रखने से पहले से ही इसपर खूब चर्चाएं हो रही हैं। कई पार्टियों ने बिल को लेकर अपना स्टैंड क्लियर कर दिया था। कई पार्टियों ने इस बिल का समर्थन करने की बात कही। इसमें NDA का हिस्सा नीतीश कुमार की JDU और चंद्रबाबू नायडू की टीडीपी शामिल हैं, जो बिल के समर्थन में हैं। इसके अलावा YSR कांग्रेस ने भी वन नेशन वन इलेक्शन को सपोर्ट किया है। मायावती भी वन नेशन-वन इलेक्शन बिल के समर्थन में हैं।
हालांकि कांग्रेस-सपा के अलावा कई विपक्षी पार्टियां पहले ही साफ कर चुकी हैं कि वह इस बिल के विरोध में है। इसमें TMC, आरजेडी, पीडीपी समेत कई दल भी शामिल हैं।