नई दिल्ली। लद्दाख के तुरतुक सेक्टर में सेना का एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ है जिसमें सात जवानों की मौत हो गई है। अन्य को भी गंभीर चोटें आई हैं। वाहन में 26 जवान सवार थे।
भारतीय सेना के सूत्रों ने बताया कि हादसे में घायल हुए जवानों को सर्वोत्तम उपचार सुनिश्चित करने के प्रयास जारी हैं। गंभीर रूप से घायलों को पश्चिमी कमान ट्रांसफर किया जा रहा है। इसमें वायुसेना की मदद ली गई है।
मिली जानकारी के अनुसार यह सड़क हादसा थोइस से लगभग 25 किमी दूर हुआ। 26 जवानों का यह दल परतापुर के ट्रांजिट कैंप से सब सेक्टर हनीफ के फॉर्वर्ड लोकेशन की ओर बढ़ रहा था।
सुबह लगभग 9 बजे वाहन सड़क से फिसल गया और श्योक नदी में गिर गया। सड़क से नदी की गहराई लगभग 50-60 फीट तक है। इसके चलते वाहन में सवार सभी जवानों को गंभीर चोटें आईं। इनमें से सात ने दम तोड़ दिया।
सभी जवानों को परतापुर के 403 फील्ड अस्पताल में पहुंचाया गया। लेह से सर्जिकल टीमों को परतापुर भेजा गया है। अभी पूरा फोकस इस पर है कि घायल जवानों को अच्छे से अच्छा इलाज दिया सके।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने दुर्घटना पर शोक जाहिर किया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
लद्दाख के तुरतुक सेक्टर में सैन्य वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से भारतीय सेना के कई सैनिकों की दुःखद मृत्यु पर अश्रुपूरित श्रद्धांजलि। देश उनकी सेवाओं को सदैव याद रखेगा। दुख की इस घड़ी में हमारी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
— Om Birla (@ombirlakota) May 27, 2022