नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के हाथों में पहुंच गई है। राज्य सरकार की सिफारिश के बाद एजेंसी ने मामले को आधिकारिक तौर पर अपने कब्जे में लेते हुए कोलकाता पुलिस की FIR को फिर से दर्ज किया है। सूत्रों के अनुसार, CBI की टीम मंगलवार को बंगाल पहुंचकर जांच की शुरुआती प्रक्रिया शुरू कर सकती है।
चंद्रनाथ रथ मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी और निजी सहायक माने जाते थे। पूर्व वायुसेना कर्मी रह चुके रथ पर 6 मई की रात मध्यग्राम इलाके में हमला हुआ था। बताया जा रहा है कि अज्ञात बदमाशों ने उनकी गाड़ी को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इस सनसनीखेज घटना के बाद राज्य की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया था। मामले में अब तक तीन आरोपियों मयंक राज मिश्रा, विक्की मौर्य और राज सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच एजेंसियों ने दो आरोपियों को बिहार के बक्सर से, जबकि एक को उत्तर प्रदेश के बलिया से पकड़ा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रथ की कार का पीछा दो मोटरसाइकिलें कर रही थीं। मौका मिलते ही एक बाइक सवार हमलावर ने बेहद करीब से गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। बताया जा रहा है कि करीब 10 राउंड फायरिंग की गई। हमले में रथ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके ड्राइवर बुद्धदेव बेरा गंभीर रूप से घायल हो गए।