कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया, जब बॉवरिंग और लेडी कर्जन अस्पताल के पास एक कंपाउंड की दीवार अचानक गिर गई। इस दर्दनाक घटना में तीन बच्चों समेत कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने घटनास्थल का दौरा कर हालात का जायजा लिया और अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री कार्यालय ने सात मौतों की पुष्टि की है। सिद्धारमैया ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है और हादसे की जांच के आदेश भी दिए हैं।
उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा कि उन्होंने पुलिस कमिश्नर से बात की है और वे तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की समीक्षा करेंगे। पुलिस के अनुसार, भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण पीड़ित लोग दीवार के पास शरण लिए हुए थे, तभी दीवार भरभराकर गिर गई और सभी मलबे में दब गए। मृतकों में सभी रेहड़ी-पटरी पर काम करने वाले लोग बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकाला गया।
इसी बीच, कर्नाटक के उडुपी जिले में एक और हादसा सामने आया है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों से भरी एक बस सड़क किनारे खड़े टैंकर से टकरा गई। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक हादसा बेंदूर तालुक में त्रासी बीच के पास हुआ। बस मुरुदेश्वर से उडुपी जा रही थी और उसमें करीब 47 यात्री सवार थे।