दिल्ली के विवेक विहार इलाके में देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक इमारत के 6 फ्लैटों में भीषण आग लग गई। इस घटना में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 3:47 बजे दमकल विभाग को आग लगने की सूचना मिली। इसके तुरंत बाद कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। आग लगने के समय इमारत में कई लोग फंसे हुए थे, जिन्हें निकालने के लिए रेस्क्यू टीमों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन सर्च ऑपरेशन जारी है। इमारत में कुल 8 परिवार रहते थे।
पुलिस के अनुसार, 3 मई को करीब 3:48 बजे विवेक विहार थाने में आग की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम, एसएचओ और एसीपी मौके पर पहुंच गए। दमकल विभाग और क्राइम टीम भी विवेक विहार फेज-1 स्थित बी-13 परिसर में पहुंची।
जांच में सामने आया कि आग दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल के फ्लैटों में लगी थी। बचाव अभियान के दौरान 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें से दो लोगों को मामूली चोटें आईं, जिन्हें इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर डीडीएमए स्टाफ, यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस के साथ करीब 12 दमकल गाड़ियां तैनात रहीं। मामले की जांच जारी है।
गौरतलब है कि हाल ही में गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित गौड़ ग्रीन एवेन्यू सोसाइटी में भी भीषण आग लगने की घटना सामने आई थी। यह आग 9वीं से 13वीं मंजिल तक फैल गई थी, जिसका धुआं दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे तक देखा गया था। उस घटना में भी इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था और दमकल की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था।