लखनऊ में सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (CMS) द्वारा आयोजित भव्य सम्मान समारोह में मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ICSE और ISC बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से लेकर 99.80 प्रतिशत तक अंक प्राप्त करने वाले कुल 3709 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर 62 टॉपर छात्रों को विशेष रूप से सम्मानित करते हुए कुल 28 लाख रुपये की नगद धनराशि प्रदान की गई। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि मेधावी छात्रों के माता-पिता को भी फलों और फूलों से तौलकर सम्मानित किया गया, जिससे समारोह का माहौल और भी भावुक व प्रेरणादायक बन गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में IAS अधिकारी आलोक कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों को चेक देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान CMS की प्रबंधक गीता गांधी भी मौजूद रहीं और उन्होंने भी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में टॉपर छात्रों के अभिभावक भी उपस्थित रहे और अपने बच्चों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया।कार्यक्रम के दौरान प्रबंधक गीता गांधी और मुख्य अतिथि आलोक कुमार के बाइट भी लिए गए, जिसमें उन्होंने शिक्षा और मेहनत के महत्व पर जोर दिया।