छत्तीसगढ़ में बीजेपी प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के दौरे का आज दूसरा दिन है. इस दौरान वह प्रदेश के विधायकों, सांसदों और मंत्रियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें करेंगी. इन बैठकों में सरकार और संगठन के बीच समन्वय मजबूत करने के साथ ही आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा होगी.
स्मृति ईरानी का आज का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है. दिन की शुरुआत सुबह 10 बजे बीजेपी विधायकों के साथ संगठनात्मक चर्चा से होगी. इसके बाद सुबह 11:30 बजे वह प्रदेश के बीजेपी सांसदों के साथ बैठक करेंगी. दोपहर 12:30 बजे से राज्य मंत्रिमंडल के मंत्रियों के साथ संवाद का कार्यक्रम निर्धारित है.
निगम-मंडल और आयोग के पदाधिकारियों से भी करेंगी चर्चा
बैठकों के दौरान स्मृति ईरानी निगम-मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों के साथ भी समीक्षा करेंगी. इस दौरान विभिन्न संस्थाओं के कामकाज और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर चर्चा होने की संभावना है.
वहीं, शाम 4:30 बजे स्मृति ईरानी विचार परिवार के प्रमुख पदाधिकारियों से मुलाकात कर चर्चा करेंगी. इस बैठक को भी प्रदेश में संगठनात्मक समन्वय के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
सरकार और संगठन के बीच समन्वय पर जोर
स्मृति ईरानी के दौरे के दूसरे दिन होने वाली इन बैठकों में सरकार, संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर विशेष जोर रहेगा. इसके साथ ही बीजेपी की आगामी राजनीतिक रणनीति, संगठन की मजबूती और भविष्य की गतिविधियों को लेकर भी मंथन किया जाएगा.