छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर की गई टिप्पणी पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने इस टिप्पणी को निंदनीय और शर्मनाक बताते हुए कांग्रेस की राजनीतिक सोच पर सवाल उठाए हैं. सीएम साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कांग्रेस पर राजनीतिक विरोध की आड़ में मर्यादा लांघने का आरोप लगाया.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति राजनीतिक द्वेष में कांग्रेस इस स्तर तक उतर रही है, जो उसकी गिरती राजनीतिक सोच और वैचारिक दिवालियेपन का प्रमाण है. उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी के दिवंगत पिता को लेकर अमर्यादित टिप्पणी करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.
कांग्रेस की राजनीति पर उठाए सवाल
सीएम साय ने अपने पोस्ट में कहा कि कांग्रेस को राजनीतिक विरोध करते समय मर्यादा और संस्कारों का ध्यान रखना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रधानमंत्री मोदी के प्रति राजनीतिक द्वेष के चलते लगातार मर्यादाओं का उल्लंघन कर रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ऐसी संस्कारहीन राजनीति को पहचान चुकी है. उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से इस मामले में सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की.
लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी जनता
विष्णुदेव साय ने कहा कि कांग्रेस की इस तरह की राजनीति को जनता स्वीकार नहीं करेगी. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के पास अपना जवाब देने का सबसे बड़ा अधिकार है और वह अपने लोकतांत्रिक अधिकार के जरिए कांग्रेस को करारा जवाब देगी.